4 दिसंबर तक मनाया जाएगा पुरुष नसबंदी पखवाड़ा
पौड़ी।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से परिवार कल्याण कार्यक्रम के तहत 4 दिसंबर तक पुरुष नसबंदी पखवाड़ा मनाया जाएगा। पुरुषों ने परिवार नियोजन अपनाया, सुखी परिवार का आधार बनाया थीम को लेकर यह पखवाड़ा मनाया जाएगा। पखवाड़े का उद्देश्य परिवार नियोजन में पुरुषों की भागीदारी को बढ़ाना हैं। कार्यक्रम के तहत 27 नवंबर तक आशा कार्यकत्री व संबंधित क्षेत्र की एएनएम ग्राम स्तर पर लक्ष्य दम्पत्तियों को पखवाडे़ के दौरान प्रदत्त सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करेंगी। सीएमओ पौड़ी डा.प्रवीण कुमार ने बताया कि पखवाडे़ के तहत 28 नवंबर से 4 दिसंबर तक नसबंदी शिविरों के अलावा जिला चिकित्सालय पौड़ी, बेस चिकित्सालय कोटद्वार, श्रीनगर में हर दिन यह सुविधा उपलब्ध रहेगी। पुरुष नसबंदी को लेकर प्रभारी चिकित्साधिकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जयहरीखाल के डा. पुंकेश पाण्डे का कहना है, कि पुरुष नसबंदी को लेकर लोगों में बहुत सी भ्रातियां हैं। महिला नसबंदी की अपेक्षा पुरुष नसबंदी बहुत ही आसान और सुविधाजनक स्थायी परिवार नियोजन उपाय है। सीएमओ ने कहा कि अधिकतर परिवार नियोजन मामलों में देखा गया है कि परिवार नियोजन में केवल महिलाओं की भागीदारी अधिक रहती है और पुरुषों की भागीदारी ना के बराबर है अधिकतर महिलाएं स्वयं नसबंदी के लिए आगे आती हैं, पुरुषों को भी परिवार नियोजन के लिए आगे आकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
