Friday, October 16, 2026
UTTAR PRADESH

कमरे के अंदर महिला का हाथ-पैर बंधा शव मिलने से इलाके में फैली सनसनी

कानपुर।

नौबस्ता थाना क्षेत्र के अर्रा गांव में गुरुवार को कमरे के अंदर महिला का हाथ-पैर बंधा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। भाई के घर पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई। मौके पर एसीपी गोविंद नगर और नौबस्ता थाने की फोर्स पहुंची और जांच शुरू की।
अर्रा गांव निवासी अनोद कुमार मौर्या रायपुरवा स्थित फैक्ट्री में काम करते हैं। परिवार में पत्नी लक्ष्मी देवी (45) और बेटी आकांक्षा मौर्या थे। सुबह करीब आठ बजे अनोद ड्यूटी के लिए और उसी समय हाईस्कूल की छात्रा बेटी भी स्कूल के लिए निकली थी। लक्ष्मी के भाई बौद्धनगर निवासी रमा शंकर ने बताया की दो दिन पहले बहन ने फोन कर गुरुवार को कार्डियोलॉजी में दिखाने के लिए कहा था। इसलिए वह सुबह उसे फोन कर रहे थे, लेकिन फोन उठा नहीं तो वह घर पहुंच गए। बाहर से दरवाजे पर कुंडा लगा था। अंदर धुंआ भरा हुआ था। वह ऊपर पहली मंजिल पर पहुंचे तो बाथरूम में आग लगी थी। वहां पानी डाला और आवाज लगाई। नीचे पीछे के कमरे में पहुंचने पर बहन का शव औंधे मुंह फर्श पर पड़ा था। उसे पलटाया तो हाथ-पैर चादर से बंधे और सिर और चेहरे पर चोट के निशान थे। सूचना बहनोई की फैक्टरी में और पुलिस कंट्रोल रूम को दी। मौके पर गोविंद नगर एसीपी विकास पांडेय और नौबस्ता थाने की फोर्स के साथ फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *