मेट्रो के लिए हो रही खुदाई के कारण माल रोड पर लगा भीषण जाम
कानपुर।
गुरुवार को मेट्रो के लिए हो रही खुदाई के कारण माल रोड पर भीषण जाम लग गया। दोपहर में पंडित होटल से लेकर फूलबाग तक वाहन रेंगने लगे। कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन असहाय दिखाई दी। पंडित होटल से फूलबाग तक पहुंचने में 15 से 20 मिनट तक लगते रहे,जबकि दूरी बमुश्किल एक किलोमीटर है। इस बीच जाम में फंसे एक वाहन सवार ने कहा कि यातायात व्यवस्था बनाने में पुलिस पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। शहर भर में जाम लगता है पर ट्रैफिक पुलिस के सिपाही और होमगार्ड केवल बिना हेलमेट बाइक सवारों के चालान करने में व्यस्त रहते हैं। कमिश्नरी की पुलिस को सडक़ों पर अतिक्रमण, गड्ढों से कोई लेना-देना नहीं है। तंज भी कसा कि लोगों को गड्ढों में बाइक जाने पर चोट लगने से बचाने के लिए ही शायद पुलिस चालान काटने पर जोर देती है। हालांकि,उन वाहन सवारों पर कोई कार्रवाई नहीं करती है, जो चौराहों पर गलत साइड में खड़े होते हैं। जाना होता है दाहिए और खड़े होते हैं बाएं। जैसे ही ट्रैफिक सिग्नल ग्रीन होता है सबसे पहले फर्राटे के साथ दाहिनी ओर निकलते हैं, जिससे पूरा ट्रैफिक फिर रुक जाता है और हादसे की भी आशंका रहती है।
