बीडीसी बैठक का प्रधान संगठन ने किया बहिष्कार
रुद्रप्रयाग। ऊखीमठ क्षेत्र पंचायत की बैठक में अधिकारियों द्वारा सवालों का सही जवाब न देने तथा पूर्व में दर्ज शिकायतों का निस्तारण न होने पर आक्रोशित प्रधान संगठन ने क्षेत्र पंचायत की बैठक का बहिष्कार किया। साथ ही अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। क्षेत्र पंचायत प्रमुख श्वेता पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक साढ़े ग्यारह बजे बैठक शुरू हुई। लेकिन पूर्व में दर्ज शिकायतों का निस्तारण न होने से प्रधानगणों ने नाराजगी व्यक्त की। बैठक में पहली चर्चा सिंचाई विभाग केदारनाथ खण्ड अगस्त्यमुनि से शुरू हुई तो अधिशासी अभियन्ता द्वारा पूर्व में दर्ज शिकायतों का सही जानकारी न देने पर ठीक 12 बजे प्रधान संगठन ने सदन का बहिष्कार कर बाहर निकलकर जिलाधिकारी व लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। जिसके बाद प्रमुख श्वेता पांडेय व बीडीओ डीसी मैठाणी प्रधानों को मनाने पहुंचे लेकिन वह नहीं माने। प्रधान संगठन के अध्यक्ष सुभाष रावत का कहना है कि क्षेत्र पंचायत की बैठक को मात्र खानापूर्ति के लिए रखा गया है क्योंकि बैठक में अधिकारी अपने दायित्वों के प्रति उदासीन बने हुए। प्रधान संगठन के बहिष्कार के बाद भी बैठक का संचालन होने पर प्रधान संगठन ने नाराजगी व्यक्त की। इस मौके पर प्रधान संगठन ब्लॉक अध्यक्ष सुभाष रावत, संरक्षक संदीप पुष्वाण, वरिष्ठ उपाध्यक्ष त्रिलोक रावत, महामंत्री विजयपाल नेगी, मीडिया प्रभारी योगेन्द्र नेगी, कोषाध्यक्ष हर्षवर्धन सेमवाल, कुन्ती नेगी, अरविन्द राणा, महावीर नेगी, अरविन्द रावत, सुदर्शन राणा, आशा सती आदि थे।