भाषा विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह आज
लखनऊ
ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय का 6 वां दीक्षांत समारोह आज प्रदेश की राज्यपाल और विवि की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में आयोजित किया जाएगा। सोमवार को इस 6 वें दीक्षांत समारोह का विवि कुलपति प्रो.आलोक कुमार राय की अध्यक्षता में पूर्वाभ्यास किया गया। इस अवसर पर कुलाधिपति के रूप में प्रो.चन्दना डे विभागाध्यक्ष, शिक्षा विभाग एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ.ममता शुक्ला सह आचार्य,बीटेक बायोटैक्नालॉजी ने कार्यवाही पूर्ण करवाई। इस दौरान विवि के कुलसचिव संजय कुमार ने शोभायात्रा की अगवाई किया। भाषा विवि के इस 6 वें दीक्षांत समारोह में पद्मश्री मालिनी अवस्थी बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहेंगी। समारोह में 734 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की जाएगी। साथ ही 83 मेधावियों को जिनमें 43 छात्र व 40 छात्राएँ शामिल है तथा 93 स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम के सम्बंध में सोमवार को लखनऊ विश्वविद्यालय में एक पत्रकार वार्ता में भाषा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.आलोक कुमार ने बताया कि 93 पदकों में 01 ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती पदक, 01 कुलाधिपति पदक, 01 कुलपति पदक तथा स्नातक पाठ्यक्रमों में 25 स्वर्ण, 16 रजत, 16 कांस्य और परास्नातक पाठ्यक्रमों में 14 स्वर्ण, 11 रजत एवं 11 कांस्य पदक शामिल हैं। इसी कड़ी में उर्दू विभाग के बीए ऑनर्स उर्दू पाठ्यक्रम में प्रथम स्थान पाने वाले सैयद मुईनुद्दीन जिन्होंने 88.50 प्रतिशत अंक हासिल किए है उन्हें ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती पदक प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा शिक्षा शास्त्र विभाग के बीएड पाठ्यक्रम में प्रथम स्थान प्राप्तकर्ता विवेक कुमार सिंह जो 90 प्रतिशत अंक लाए है उनको कुलाधिपति पदक दिया जाएगा। इसी के साथ शिक्षाशास्त्र विभाग के बीएड पाठ्यक्रम में द्वितीय स्थान पाने वाली शिवानी सिंह 88.92 फीसद अंक प्राप्त किए है उन्हें कुलपति पदक दिया जाएगा।
