रामनगरी में हनुमानगढ़ी के निशान के साथ होली की शुरुआत – साधु-संतों ने खेली जमकर होली
अयोध्या —
रामनगरी अयोध्या में आज हनुमानगढ़ी के निशान के साथ होली की शुरुआत हो गई है. आज रंगभरी एकादशी के दिन सिद्ध पीठ हनुमानगढ़ी से हनुमान जी का निशान की पूजा अर्चना कर सिद्ध निशान को अयोध्या की सडकों पर निकाला गया. साधु संतों की टोली ने हनुमान जी के निशान की पूजा अर्चना हनुमानगढ़ी में किया और रंग गुलाल और अबीर से जमकर होली खेली।
अयोध्या में हनुमानगढ़ी के अंदर रंगभरी एकादशी के दिन हनुमानगढ़ी के निशान की पूजा अर्चना के साथ होली का उत्सव शुरू हो जाता है. पूरे वर्ष हनुमानगढ़ी का यह निशान हनुमानगढ़ी के पवित्र स्थान पर एक बक्से में रखा जाता है और होली के पूर्व रंगभरी एकादशी के दिन इस निशान को विशाल संदूक से निकालकर हनुमान जी के सामने विशाल भाले के ऊपर रखा जाता है।
हनुमानगढ़ी के इस पवित्र निशान को अयोध्या के 5 कोस परिक्रमा मार्ग में बने सभी मंदिरों में ले जाया जाता है. जहां पर साधु-संतों की टोली जमकर होली खेलती है. रंग गुलाल अबीर और फूलों से होली खेलती है. फिर इसे हनुमानगढ़ी में लाकर सुरक्षित रखा जाता है. यह परंपरा सैकड़ों वर्षो से चली आ रही है. इस बार की होली अयोध्या के लिए विशेष मानी जा रही है क्योंकि भगवान श्री राम का मंदिर बन रहा है और आज ही के दिन 25 मार्च 2020 को रामलला टेंट से निकलकर अपने अस्थाई मंदिर में विराजे थे।
