Friday, October 16, 2026
STATE NEWSUTTARAKHAND

होटल कारोबारी की जमीन पर धोखाधड़ी कर बना दिए मकान

हरिद्वार।  भूखंड की रखवाली न करना एक होटल कारोबारी को उस वक्त बहुत महंगा पड़ गया जब उसके भूखंड के फर्जी कागजात बनाकर उसका बैनामा कर दो मकान खड़े कर दिए गए। हक्के बक्के रह गए होटल कारोबारी ने इस संबंध में कई लोगों के खिलाफ कोतवाली रानीपुर में प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
ऋषिकुल क्षेत्र के रहने वाले होटल कारोबारी अमित पंजवानी पुत्र स्वर्गीय श्री नंद किशोर पंजवानी ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उनका एक भूखंड टिहरी विस्थापति कालोनी में था। कोरोना काल के चलते वह अपने भूखंड की देखरेख के लिए नहीं जा सके थे। कुछ दिन पूर्व जब वह अपने भूखंड पर पहुंचे तो देखा कि उसके हिस्से कर उस पर मकान बना दिए गए हैं। उन्होंने जब मकान में रह रहे लोगों से बातचीत की तब उन्हेांने अपने बैनामे दिखाते हुए बताया कि उन्होंने भूखंड खरीदकर मकान बनाए हैं। हैरान होटल कारोबारी ने रानीपुर पुलिस से इस बाबत गुहार लगाई। शुक्रवार को रानीपुर पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली प्रभारी अमरचंद शर्मा ने बताया कि भूखंड स्वामी की शिकायत पर राशिद पुत्र नजीर निवासी ग्राम इब्राहिमपुर पथरी, योगेश धीमान, रियासत अली, ओम प्रकाश यादव, प्रदीप कुमार, राजकुमार, किशोरी पत्नी वैशाखु निवासी ग्राम सरोट जिला टिहरी गढ़वाल हाल निवासी मोहल्ला चंद्रबनी पटेल नगर देहरादून के खिलाफ धोखाधड़ी समेत प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *