कलयुगी बेटे ने नशे का विरोध करने पर पिता की गला रेतकर की हत्या,हत्यारोपी गिरफ्तार
कानपुर
शहर में गोविंद नगर थाना क्षेत्र के गुजैनी सी ब्लॉक में कलयुगी बेटे ने नशे का विरोध करने पर पिता की गला रेतकर हत्या कर दी। परिजनों के मुताबिक, बेटे ने सोते समय पहले रॉड से सिर पर हमला किया, फिर चाकू से गला रेत दिया। चीख सुनकर बचाने दौड़ी मां और नाना को भी आरोपी ने मारने की कोशिश की। दोनों घायल हैं।
वारदात के छह घंटे बाद पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया। हत्यारोपी बेटे ने पुलिस से कहा, मैंने पिता की हत्या कर पाप किया है। मुझे कड़ी सजा दीजिए।
पुलिस ने गंभीर हालत में घायल मां और बुजुर्ग नाना को पास के एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। परिजनों का कहना है कि हत्यारोपी की दोस्ती बदमाश लडक़ों के साथ थी। उसे नशे की भी लत थी। पिता बार-बार उसे ऐसे दोस्तों से दूर रहने की हिदायत देते रहते थे। रिश्तेदार विनोद दीक्षित ने कहा, बेटे ने पिता के सीने में इतनी हैवानियत के साथ रॉड और चाकू से वार किया कि मांस निकल आई। गर्दन रेतने के बाद सीने पर चढक़र रॉड से तब तक वार करता रहा,जब तक पिता की सांसें थम नहीं गईं। मां ने कहा, बेटे पर नशा हावी हो गया था। नशे से बचाने के लिए 3 महीने से उसे घर में ही रखा था। सोमवार सुबह सोते समय नशे के लिए इतना बौखला गया कि पिता की हत्या कर दी।
गुजैनी सी-ब्लॉक में रहने वाले जीत कुमार शुक्ला (55) ठेकेदारी करते थे। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि जीत मूल रूप से गजनेर रतगांव के रहने वाले थे, लेकिन ससुराल में आकर बस गए थे। घर में पत्नी सुमन,सास राम प्यारी और दो बेटे निखिल और अखिल हैं। इसी साल 20 साल के निखिल ने इंटर पास किया है। वह शराब, चरस और गांजे का नशा करने लगा था। उसकी हरकतें देख घर वाले उस पर कड़ाई करने लगे थे। घर से बाहर निकलने नहीं देते थे। उस पर निगरानी रखते थे।
पड़ोसियों ने पुलिस को दी हत्या की सूचना
निखिल ने सोमवार भोर में पिता के सिने और सिर पर लोहे की रॉड से हमला किया। इसके बाद चाकू से गर्दन रेतकर हत्या कर दी। चीख-पुकार सुनकर जीत की पत्नी सुमन और ससुर राम भरोसे बचाने दौड़े तो उन पर भी रॉड से हमला कर दिया। चाकू से हत्या का प्रयास किया। हमले में मां और नाना भी घायल हो गए।
चीख पुकार सुन पड़ोसी दौड़े तो आरोपी बेटा मौके से भाग निकला। पड़ोसियों ने गोविंद नगर थाने में सूचना दी, मौके पर गोविन्द नगर थाने की फोर्स पहुंची व जांच पड़ताल शुरू की और फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किए। जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल मां और नाना को हैलट में भर्ती कराया है। मां की तहरीर पर बेटे के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है।
आरोपी की तलाश में गोविंद नगर पुलिस ने तीन टीमों को लगाया था। इसके साथ ही उसके दोस्तों के घर भी छापेमारी की थी। गोविंद नगर थाना प्रभारी रोहित तिवारी ने बताया कि आरोपी युवक को 6 घंटे बाद रतनलाल नगर से गिरफ्तार कर लिया गया है।
