घर में घुसकर मारपीट करने पर 3लोगों पर केस दर्ज
विकासनगर
साहिया क्षेत्र के बोहरी गांव के एक ग्रामीण ने एसडीएम को तहरीर देकर तीन लोगों पर उसके घर में घुसकर मारपीट का आरोप लगाया है। राजस्व पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अमर सिंह पुत्र कुंवर सिंह निवासी बोहरी हाल निवासी साहिया ने एसडीएम को तहरीर देकर आरोप लगाया कि तेरह अप्रैल की रात को राजेंद्र सिंह राय पुत्र उमराव सिंह निवासी उदपाल्टा, कुलदीप व संदीप रात नौ बजे उसके घर में घुसे। जहां आरोपियों ने उसके साथ गाली गलौज किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की व जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने साहिया स्थित उसकी जमीन पर कब्जा करने की धमकी दी। यही नहीं आरोपियों ने उसकी जमीन को कब्जाने के लिए उसकी जमीन पर मलबा डाल दिया। एसडीएम के निर्देश पर राजस्व उपनिरीक्षक साहिया सुखदेव चंद्र जिनाटा ने मारपीट, गाली गलौज, घर में घुसने व जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज कर दिया। राजस्व उपनिरीक्षक ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी है।
