Friday, October 16, 2026
STATE NEWS

साइकिल से केदारनाथ पहुंचकर बनाया कीर्तिमान

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड की बेटी प्रीति ने महज चार दिन में साइकिल से हरिद्वार से केदारनाथ पहुंचकर नया कीर्तिमान बनाया है। उनकी इस कामयाबी पर रुद्रप्रयाग ही नहीं सम्पूर्ण उत्तराखंड के लोगों ने खुशी व्यक्त कर उन्हें बधाई दी है। जनपद रुद्रप्रयाग की ग्राम तेवड़ी सेम, पोस्ट चंद्रनगर निवासी प्रीति नेगी के पिता शहीद स्व. राजपाल सिंह वर्ष 2002 में आतंकवादियों से लड़ते हुए जम्मू कश्मीर में शहीद हो गए थे। उनकी माता भागीरथी देवी ग्रहणी है। पहले से ही पर्वतारोहण और बॉक्सिंग के क्षेत्र में नाम रोशन कर चुकी प्रीति ने इस बार एक और कामयाबी हासिल की है। रिस्पेक्ट टू गॉड इवेंट के जरिए पहाड़ की होनहार और जोशीली बेटी प्रीति ने 4 दिन में हरिद्वार से केदारनाथ तक की यात्रा साइकिल से कर रिकॉर्ड बना दिया है। इस तरह हरिद्वार से केदारनाथ पहुंचने वाली प्रीति पहाड़ की पहली बेटी है। रुद्रप्रयाग सहित पूरा उत्तराखंड प्रीति पर गर्व महसूस कर रहा है और उन्हें बधाई दे रहा है। प्रीति ने बताया कि पिता के शहीद होने की घटना ने परिवार को पूरी तरह से झकझोर दिया। प्रीति ने कभी खुद को कमजोर होने नहीं दिया। मां भागीरथी देवी अपनी बेटी का लगातार हौसला बढ़ाती रही। प्रीति कुछ बेहतर कर नाम रोशन करना चाहती थी, इसलिए बचपन से ही खेलकूद के साथ, बाइकिंग, माउंटेन और साइकिलिंग में खुद को निखारने लगी। अगस्त्यमुनि से शिक्षा प्राप्ति के दौरान 2015 में बॉक्सिंग स्टेट खेल चुकी प्रीति ने 2016 में पर्वतारोहण में बेसिक कोर्स किया। जिसके बाद से वो कई चोटियों पर पर्वतारोहण कर चुकी है। वर्ष 2017 ने यूथ फाउंडेशन में बतौर इंस्ट्रक्टर बनकर लड़कियों को प्रशिक्षित किया। दोबारा 2018 में पर्वतारोहण (ए ग्रेड) का एक उन्नत कोर्स कर डीकेडी से 5670 मीटर तक की चढ़ाई भी की। 2019 में एक स्की कोर्स किया जिसमें दूसरा स्थान मिला और ए ग्रेड हासिल किया। 2022 में पर्वतारोहण में बचाव पाठ्यक्रम करने के बाद से लगातार विभिन्न इंवेटों के जरिए अपने को स्थापित करने में जुटी है। प्रीति ने चार दिनों में हरिद्वार से केदारनाथ की कठिन यात्रा साइकिल से तय कर रिकार्ड बनाया है। उनकी सफलता पर केदारनाथ विधायक शैलारानी रावत, पूर्व विधायक मनोज रावत, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आशा नौटियाल सहित कई लोगों ने खुशी जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *