UTTAR PRADESH

ट्रक की टक्कर से टाटा मैजिक खाई में पलटी, मासूम की मौत

मुरादाबाद 

छजलैट थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से टाटा मैजिक सड़क किनारे पानी से भरी खाई में पलट गई। इससे एक मासूम बच्चे की पानी में डूबकर मौत हो गई। आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सभी लोग शादी समारोह में भाग लेने के लिए हरिद्वार से गोंडा जा रहे थे। परिजनों की डिमांड पर पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव परिवार वालों के हवाले कर दिया।

हादसा मंगलवार तड़के छजलैट थाना क्षेत्र स्थित पचोकरा गांव के पास हुआ। गोंडा निवासी लोग ऋषिकेश में प्राइवेट काम करते हैं। रिश्तेदारी में शादी समारोह में भाग लेने के लिए सभी लोग टाटा मैजिक से ऋषिकेश से गोंडा जा रहे थे। गाड़ी मंगलवार सुबह करीब पांच बजे छजलैट थाना क्षेत्र में पहुंची। गाड़ी को राममोहन पांडे चला रहा था। अचानक टाटा मैजिक खराब हो गई। चालक गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा करके ठीक करने लगा। कुछ लोग अंदर बैठे थे, जबकि कुछ गाड़ी के बाहर खड़े हुए थे। बताते हैं कि इसी बीच कांठ की तरफ से आए तेज रफ्तार ट्रक ने टाटा मैजिक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे टाटा मैजिक सड़क किनारे पानी से भरी खाई में पलट गया। इससे शिवा पुत्र राममोहन पाण्डे (3 वर्ष) की पानी में डूबने से मौत हो गई। ड्राइवर राम मोहन पांडे, प्रियंका, गंगाधर सुशीला समेत आधा दर्जन लोग घायल हो गए। टाटा मैजिक में सुषमा पांडे पत्नी सुनील कुमार पांडे, अंशु पांडे पुत्री सुनील कुमार पांडे, बृजेश पांडे पुत्र सुनील पांडे, लक्ष्मी पांडे पुत्री सुनील कुमार, निवासीगण ग्राम गुसाईं भक्त पुरवा थाना तरबगंज जनपद गोंडा, के अलावा मंजू पांडे पत्नी शिवगंगा पांडे, शिवगंगा पांडे, राम मोहन पांडे, खुशबू पांडे, शक्ति पुत्र राम मोहन, प्रियंका उर्फ अंजलि, गंगाधर पुत्र ओम प्रकाश, ओम प्रकाश, गुड़िया, सुशीला, समस्त निवासीगण ग्राम नथहरा थाना नवाबगंज जनपद गोंडा थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *