एडवोकेट एसोसिएशन के सदस्यों की सूची प्रकाशित
रुड़की। लक्सर एडवोकेट एसोसिएशन ने नई कार्यकारिणी के गठन के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। चुनाव अधिकारी ने एसोसिएशन के सदस्यों की अनंतिम सूची प्रकाशित कर दी है। सूची पर सोमवार को आपत्तियां प्राप्त करने के बाद इन पर सुनवाई भी की जाएगी। मुख्य चुनाव आयुक्त जयपाल सिंह ने सहायक चुनाव आयुक्त चौधरी राजकुमार और नरेंद्र सिंह के साथ शनिवार को एसोसिएशन के सदस्यों की अनंतिम सूची का प्रकाशन कर दिया। बताया कि सोमवार 9 जनवरी को सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक मतदाता सूची पर आपत्तियां दर्ज की जाएंगी। इसी दिन 2 से 3 बजे तक आपत्तियों पर सुनवाई के बाद शाम 4 बजे अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। दस जनवरी को सुबह 10 से दोपहर 3.30 बजे तक नामांकन पत्रों की बिक्री की जाएगी। 11 जनवरी को सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र जमा होंगे। 12 जनवरी को सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्रों पर आपत्ति और इसी दिन 3 से 5 बजे तक आपत्तियों पर सुनवाई की जाएगी। 13 जनवरी को सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। इसी दिन 4 बजे उम्मीदवारों की फाइनल सूची प्रकाशित कर दी जाएगी। इसके बाद जिन पदों पर एक से अधिक उम्मीदवार मैदान में होंगे, उन पर 21 जनवरी को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान के बाद उसी दिन मतगणना कर शाम पांच बजे जीतने वाले प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की जाएगी।
