मनुष्य के संपूर्ण विकास की कुंजी है संस्कृत: अग्रवाल
ऋषिकेश। संस्कृत छात्र सेवा समिति ने संस्कृत सेवा सप्ताह के तहत संस्कृत शोभायात्रा आयोजित की। शोभायात्रा में क्षेत्र के तमाम संस्कृत विद्यालयों के विद्यार्थियों ने शिरकत की। मंगलवार को झंडा चौक स्थित श्रीभरत मंदिर इंटर कॉलेज से शुरू हुई संस्कृत शोभायात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए त्रिवेणी घाट पर संपन्न हुई। त्रिवेणी घाट पर मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने शोभायात्रा में शामिल लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि संस्कृत दिवस की शुरुआत 1969 में हुई थी। संस्कृत दुनिया की सबसे प्राचीन भाषाओं में से एक है। इसे कई आधुनिक भाषाओं की जननी भी कहा जाता है। संस्कृत अपनी प्राचीनता के साथ-साथ अपनी वैज्ञानिकता और व्याकरण के लिए भी जानी जाती है। भारत का प्राचीन ज्ञान हजारों वर्षों तक संस्कृत भाषा में ही संरक्षित किया गया। आज देश में संस्कृत को लेकर जागरूकता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि संस्कृत भाषा अन्य भाषाओं की तरह केवल अभिव्यक्ति का साधन मात्र ही नहीं है, बल्कि वह मनुष्य के संपूर्ण विकास की कुंजी भी है। समिति अध्यक्ष डॉ. जर्नादन कैरवान ने कहा कि इस शोभायात्रा का मुख्य उद्देश्य संस्कृत के प्रति जागरूकता को बढ़ाना है। शोभायात्रा में श्रीभरतमंदिर संस्कृत विद्यालय, श्री देव महाविद्यालय, दर्शन महाविद्यालय, पंजाब सिंध क्षेत्र संस्कृत महाविद्यालय, जयराम आश्रम संस्कृत महाविद्यालय आदि के विद्यार्थियों ने शिरकत की। मौके पर दर्शन महाविद्यालय के प्रबंधक संजय शास्त्री, संस्कृत व्यास समिति के संरक्षक जनार्दन कैरवान, सुशील उनियाल, पुरुषोत्तम कोठारी, शांति प्रसाद मैठाणी, दर्शन महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राधा मोहन दास, ओम प्रकाश पोरवाल, कथा वाचक सुभाष डोभाल, गंगा राम व्यास, मनीराम पैन्यूली, अभिषेक गर्ग, शंभू पासवान, पार्षद शिव कुमार गौतम, सन्दीप शर्मा आदि उपस्थित रहे।
