इंटरसिटी को लालकुआं से चलाने की मांग, डीआरएम को दिया ज्ञापन
रुद्रपुर। कांग्रेस प्रदेश सचिव संजीव कुमार सिंह ने इज्जतनगर (बरेली) मंडल रेल प्रबंधक को ज्ञापन देकर बरेली से दिल्ली के बीच चलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन लालकुआं के करने की मांग की। उन्होंने पुरानी गल्ला मंडी रेलवे फाटक पर अंडरपास बनवाने की मांग भी की है। मंगलवार को संजीव सिंह ने इज्जतनगर बरेली पहुंचकर पूर्वोत्तर रेलवे की मंडल रेल प्रबंधक रेखा यादव से मुलाकात की। इस दौरान संजीव ने उन्हें ज्ञापन देकर बताया कि बड़ी संख्या में कुमाऊं के लोग व्यापार अथवा अन्य कार्यों से प्रत्येक सप्ताह दिल्ली जाते हैं। यदि बरेली से चलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस को लालकुआं से संचालित किया जाता है तो हल्द्वानी, लालकुआं, पंतनगर, किच्छा, बहेड़ी आदि के व्यापारियों को बड़ा व्यापारिक लाभ मिलेगा। उन्होंने पुरानी गल्ला मंडी स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास बनवाये जाने की मांग भी की। मंडल रेल प्रबंधक ने उन्हें क्रॉसिंग संबधी समस्या का निरीक्षण करने का भरोसा दिया है।
