तीन दिन तक मैदान पर दमखम दिखाएंगे नन्हें खिलाड़ी

विकासनगर। समग्र शिक्षा अभियान के तहत मिनी क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का आज से आगाज हो रहा है। प्रतियोगिता के दौरान ब्लॉक के नन्हें खिलाड़ी तीन दिनों तक मैदान पर अपना दमखम दिखाएंगे। इसके साथ ही बौद्धिक और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भी अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगे। ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में अव्वल रहने वाली खिलाड़ी जनपद स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित किए जाएंगे। ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत कुल दस संकुल हैं। सितंबर माह के अंतिम सप्ताह में संकुल स्तरीय क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं संपन्न कराई गईं, जिनमें से चयनित खिलाड़ी अब ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे हैं। ब्लॉक खेल समन्वयक रणवीर सिंह तोमर ने बताया कि 102 प्राथमिक और 34 उच्च प्राथमिक विद्यालयों से कुल पांच सौ खिलाड़ियों का चयन ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। प्रतियोगिता के तहत एथलेटिक्स, सामूहिक खेल के साथ सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं भी संपन्न कराई जाएंगी। एनफील्ड सीनियर सेकेंड्री स्कूल में होने वाली इन प्रतियोगिताओं के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बुधवार सुबह दस बजे मिनी क्रीड़ा प्रतियोगिता का मशाल जलाकर शुभारंभ किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *