Friday, October 16, 2026
STATE NEWSUTTARAKHAND

ट्रैक्टर-ट्रॉली लूटकर भागे पांच बदमाश यूपी से गिरफ्तार

विकासनगर

कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत तीन नवंबर की रात को आम के बाग में मजदूरों को रस्सियों से बांधकर ट्रैक्टर-ट्रॉली लूटकर फरार हुए मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को सहारनपुर यूपी से गिरफ्तार कर ट्रैक्टर-ट्राली और वारदात में प्रयुक्त कार को बरामद कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने दो देशी तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने डकैती का मुकदमा और मुख्य आरोपी सहित दो के खिलाफ आर्म्स ऐक्ट का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
दो नवंबर की मध्य रात्रि को चार-पांच बदमाशों ने पंवार मॉर्केट जीवनगढ़ के पास स्थित आम के बाग में घुसकर बाग में मौजूद मजदूरों को डराया धमकाया और फिर उनको रस्सी से बांधकर बाग में खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली को लेकर फरार हो गए। तीन नवंबर को ट्रैक्टर-ट्रॉली के मालिक इस्तकार पुत्र लियाकत निवासी ग्राम कुरैशी मोहल्ला जीवनगढ़ ने कोतवाली विकासनगर को तहरीर देकर बताया कि अज्ञात व्यक्तियों ने मजदूरों को डराते धमकाते हुए रस्सी से बांधकर ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने चौकी प्रभारी डाकपत्थर अर्जुन सिंह के नेतृत्व में एसओजी के साथ टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने इस मामले में एक सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जिसमें यूपी की सीमा से लगी दर्रारीट चैकपोस्ट पर लगे सीसीटीवी कैमरों में ट्रैक्टर की फुटेज यूपी की ओर जाते हुए दिखे। ट्रैक्टर में दो लोग बैठे हुए थे व ट्रैक्टर की लाइट बंद कर रखी थी। जिस पर पुलिस टीम द्वारा यूपी के अलीपुरा, माणकमउ व अन्य स्थानों पर जाकर सीसीटीवी कैमरों का अवलोकन किया गया। सर्विलांस व मुखबिर की सूचना पर सहारनपुर में सब्दरपुर गांव जाने वाली रोड पर बने अंडरपास से ट्रैक्टर-ट्रॉली और वारदात में प्रयुक्त कार को बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों आशु पुत्र कवंर पाल निवासी ग्राम अलीपुरा थाना गंगोउ यूपी, मोहित पुत्र महिपाल निवासी ग्राम सब्दरपुर थाना कुतुबसेर यूपी, सुमित पुत्र करम सिंह निवासी ग्राम अलीपुरा थाना गंगोउ यूपी, शिवम पुत्र जसवीर निवासी अलीपुरा थाना गंगोउ यूपी व मोहित उर्फ मोनू पुत्र राकेश तोमर निवासी सब्दरपुर थाना कुतुबसेर यूपी को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी आशू और मोहित के पास से दो तमंचे व दो-दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। एसएसपी अजय सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरापी ट्रैक्टर-ट्रॉली बेचने जा रहे थे तभी पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बताया कि आरोपियों के खिलाफ लूट और आर्म्स ऐक्ट में मुकदमा दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *