ग्रामीणों को बैंकिंग योजनाओं की जानकारी दी
विकासनगर
नाबार्ड के सौजन्य से जिला सहकारी बैंक एवं पैक्स चकराता के तत्वावधान में कैंट इंटर कॉलेज चकराता और पुरोड़ी में एक दिवसीय वित्तीय कार्यशाला आयोजित हुई। कार्यशाला में स्थानीय लोगों को सरकार की ओर से चलाई जा रही बैंकिंग योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में सहकारी बैंक देहरादून के ध्वज्वीर सिंह ने छात्र-छात्राओं, ग्रामीणों और खाताधारकों को बताया कि बैंक द्वारा ऑनलाइन बैंकिंग सुविधा के बारे में बताया। इसके माध्यम से लोग घर बैठे पैसे का लेनदेन कर सकते हैं। उन्होंने ऑनलाइन बैंकिंग के दौरान सतर्कता बरतने की सलाह देते हुए बताया कि अपना पासवर्ड और ओटीपी की जानकारी किसी को न दें। इससे वह ठगी का शिकार हो सकते हैं। कार्यशाला के दौरान जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, पेंशन, ऋण योजनाओं की जानकारी मुहैया कराई गई। इस दौरान पैक्स चकराता के सचिव कीर्ति नैथानी, सहकारी बैंक चकराता के विकास सिंह, प्रधानाचार्य वेद प्रकाश, अमित, विरेंद्र, महेंद्र आदि मौजूद रहे।
