Friday, October 16, 2026
STATE NEWSUTTARAKHAND

वीकेंड पर जाम का झाम

 

ऋषिकेश

तीर्थनगरी में वीकेंड पर लोगों को जाम का झाम झेलना पड़ा। पर्यटकों की भीड़ उमड़ने से शहर में यातायात व्यवस्था पटरी से उतर गई। सुबह से लेकर शाम तक जाम की समस्या बनी रही। शहर में जयराम चौक से चंद्रभागा पुल तक का पांच मिनट का सफर तय करने में लोगों को आधा घंटे तक का समय लगता रहा। रविवार को जयराम चौक, घाट चौक, दून तिराहा और चंद्रभागा पुल पर वाहन दिनभर रेंग-रेंग कर चले। ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में तैनात होमगार्ड यातायात को नियंत्रित रखने के लिए मशक्कत करते नजर आए। लेकिन वाहनों का दबाव अत्याधिक होने से जाम की समस्या बनी रही।

स्थानीय लोगों को ऋषिकेश से मुनिकीरेती जाने के लिए आंतरिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा। इससे शहर के भीतरी मार्गों पर भी अव्यवस्था बनी रही। शाम के वक्त स्थिति और भी ज्यादा खराब नजर आई। मुख्य मार्ग से मुनिकीरेती जाने वाले वाहन सवारों को दिनभर भारी परेशानी झेलनी पड़ी। सीओ संदीप नेगी ने बताया कि शहर में घाट चौक से आगे मुख्य मार्ग काफी संकरा है। स्थानीय लोगों की आवाजाही से ही यहां यातायात स्लो हो जाता है। पर्यटकों के उमड़ने से इस मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। इससे जाम की समस्या यहां गहरा जाती है। कहा कि पुलिस शहर को जाम से बचाने के लिए श्यामपुर से वाहनों को मुनिकीरेती जाने के लिए डायवर्ट कर रही है। नगर क्षेत्र में यातायात को सुचारु रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *