लापरवाही पर पंचायत सचिव से डीपीआरओ ने मांगा लिखित जवाब
लखनऊ,
स्थानीय विकासखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत शिवरी में पंचायत सचिव धीरज यादव के पिछले 11 माह से ग्राम पंचायत से लगातार ग़ायब रहने के कारण गांव में कहीं हैंडपंप पानी नहीं दे रहा तो किसी को परिवार रजिस्टर में नाम चढ़वाना है। एक-एक काम के लिए ग्रामीण ब्लाक व जिला मुख्यालय की दौड़ लगा रहे हैं। वहीं ग्राम विकास के लिए ग्राम पंचायत शिवरी, गोहनाखुर्द व माधवपुर में तैनात ग्राम सचिव अब बड़े अधिकारी बन गए हैं,अधिकतर गांव के ग्रामीण भी अपने अधिकारी को ही नहीं पहचानते हैं। आए दिन ऐसी आती शिकायतों पर आला अफसर मौन साधे हुए थे। इससे ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही थी।लगभग 11 माह से ग्राम पंचायत शिवरी में तैनात सचिव धीरज यादव के ग्राम पंचायत से गायब रहने से नाराज ग्राम प्रधान रमेश लोधी ने शनिवार को सचिव के तत्काल स्थानांतरण करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, एसडीएम बीकेटी व खण्डविकास अधिकारी को लिखित शिकायती पत्र लिखा था। प्रधान द्वारा मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र का तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला पंचायतराज अधिकारी शाश्वत आनन्द सिंह ने सचिव धीरज यादव को कारण बताओ नोटिस जारी करके जवाब मांगा है।और सख्त चेतावनी दी है, कि अगर जवाब संतोषजनक नहीं हुआ तो वह कठोर कार्रवाई करेंगे।
दरअसल शिवरी ग्राम पंचायत के प्रधान रमेश लोधी ने 23 अप्रैल को मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में ग्राम प्रधान ने कहा था कि ग्राम पंचायत शिवरी में तैनात सचिव धीरज यादव लगभग 11 माह से ग्राम पंचायत में ना आते हैं और ना ही मेरा फोन उठाते हैं।उन्होंने यह भी कहा कि सचिव धीरज यादव ब्लॉक मुख्यालय के सामने दुकान खुलवा रखें हैं। जिसमें अनुज यादव नाम का लडक़ा बैठा रखा है, उसको अपना मुंशी बना दिया है और वह सचिव के नाम पर लोगों से जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र का 700 से 800 रुपये का सुविधा शुल्क वसूल करता है।इतना ही नहीं सचिव के खुद ही हस्ताक्षर व मोहर करके प्रमाण पत्र जारी कर रहा है। जिसके हम खुद भुक्तभोगी हैं।उन्होंने यह भी कहा कि ग्राम पंचायत में सचिव के न आने की शिकायत लेकर ग्राम पंचायत के तमाम व्यक्ति मेरे पास आ चुके हैं।सचिव के ग्राम पंचायत में ना आने से गांव में नाली, खड़ंजा सहित अन्य विकास कार्य बाधित है।उन्होंने यह बताया कि यदि सचिव को किसी कार्य के लिए फोन मिलाया जाता है तो उनका फोन उठता नहीं है और यदि फोन कभी उठ भी गया तो वह कहते हैं कि हमारा जब मन होगा तब मैं आऊंगा।तुम लोग क्या पूरा विभाग मेरा कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा।क्योंकि मुलायम सिंह यादव हमारे रिश्तेदार हैं।इस लिए शासन स्तर पर हमारी मजबूत पकड़ है।मुख्यमंत्री से पत्र के माध्यम से उन्होंने यह भी अनुरोध किया था, कि सचिव व अनुज यादव को हटा करके उनके ऊपर कठोर से कठोर कार्रवाई करें,ताकि ग्राम पंचायत के बाधित पड़े विकास कार्यों को गति दी जा सके।इस बाबत जिला पंचायतराज अधिकारी शाश्वत आनंद सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायत से सचिव का लगातार 11 से गायब रहना यह सचिव का पूरी तरह से गैर जिम्मेदाराना कार्य है।उन्होंने जिम्मेदार सचिव से लिखित रूप से जवाब मांगा है। चेतावनी दिया है कि तय समय पर जवाब न मिलने पर वे कार्रवाई के लिए तैयार रहें।जिला पंचायतराजअधिकारी के सख्त रूख को देखकर अन्य ग्राम पंचायतों के सचिवों में भी मौजूदा समय में हडक़ंप की स्थिति है।
