जागेश्वर में हेलीपैड निर्माण के लिए तीन जगह भूमि चिह्नित
अल्मोड़ा। जागेश्वर धाम में मास्टर प्लान की तैयारियां तेज हो गई हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि जुलाई से मास्टर प्लान के तहत प्रथम चरण के कार्य शुरू हो सकते हैं। इधर, प्रशासन की टीम ने हेलीपैड निर्माण के लिए तीन स्थानों पर जमीन भी चिह्नित कर ली है। बुधवार को एसडीएम गोपाल सिंह चौहान के नेतृत्व में लोनिवि, राजस्व समेत विभिन्न विभागों की टीम ने जागेश्वर के लिए हेलीपैड निर्माण को आरतोला व कोटुली में तीन स्थानों पर भूमि चिह्नित की। एसडीएम ने बताया कि कोटुली टॉप में पीएमजीएसवाई की रोड के पास और आरतोला में पटौड़िया फार्म के पास निजी भूमि चिह्नित की गई है। इसके अलावा आरतोला कार पार्किंग के पास सरकारी भूमि भी चिह्नित की गई है। उन्होंने बताया कि कार पार्किंग के पास पर्याप्त भूमि है। उन्होंने ये भी बताया कि आरतोला कार पार्किंग के पास सरकारी भूमि पर अवैध तरीके से कब्जा करके दो भवन भी बनाए गए हैं। बताया कि जल्द से जल्द अतिक्रमण के आरोपियों को नोटिस जारी किए जाएंगे। उसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
