तमंचे संग फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोपी ग्राम प्रधान गिरफ्तार
अमरोहा
डिडौली कोतवाली क्षेत्र में पंचायत चुनाव जीतने के बाद नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान ने तमंचे संग अपना फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामले के संज्ञान में आने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तमंचा भी बरामद किया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव जगा नगला निवासी कौशेंद्र सिंह इस बार ग्राम प्रधान निर्वाचित हुआ है। बताया जाता है कि चुनाव जीतने के बाद उन्होंने घर पर ही तमंचा हाथ में लेकर फोटो खिंचवाया। बाद में इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामला पुलिस के संज्ञान में आने पर जांच हुई। गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम प्रधान कौशेंद्र सिंह को गांव के बाहर से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घर से तमंचा व कारतूस भी बरामद किया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मोहित चौधरी ने आरोपी ग्राम प्रधान का चालान करने की बात कही।
